रियाद में हूती हमले से हड़कंप! अरामको टावर की खिड़कियां टूटीं, फर्श क्षतिग्रस्त; सऊदी ने दो मिसाइलें नष्ट कीं

Amanat Ansari 08 Nov 2026 06:45 PM 1 Mins
रियाद में हूती हमले से हड़कंप! अरामको टावर की खिड़कियां टूटीं, फर्श क्षतिग्रस्त; सऊदी ने दो मिसाइलें नष्ट कीं

रियाद: सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने फिर हमला किया है. रविवार सुबह हुए इस हमले में सऊदी अरामको के एक टावर को नुकसान पहुंचा है. सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के अधिकारी के अनुसार, गिरने वाले छर्रों और मलबे से इमारत को हल्का नुकसान हुआ. कई खिड़कियां टूट गईं और कुछ मंजिलों पर फर्श व ढांचे को क्षति पहुंची.

न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, यमन की सशस्त्र सेनाओं ने यह हमला एक दिन पहले यमन पर सऊदी अरब के बड़े हमलों के जवाब में किया. चश्मदीदों ने बताया कि रियाद के किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट को निशाना बनाया गया था, जिसमें सऊदी अरामको टावर शामिल है. बिना पुष्टि वाले वीडियो में टूटी हुई खिड़कियां और इमारत के कई फ्लोर पर नुकसान साफ दिखाई दे रहा है.

सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि सऊदी अरामको की एक प्रशासनिक बिल्डिंग पर हमला हुआ है. उन्होंने कहा कि गिरने वाले छर्रों से स्ट्रक्चर को थोड़ा नुकसान हुआ है. इस बीच सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि रियाद की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को रोककर नष्ट कर दिया गया है.

गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि हवाई रक्षा प्रणालियों ने रियाद और दक्षिणी क्षेत्रों में दो क्रूज मिसाइलों को भी रोककर नष्ट कर दिया. यह घटनाक्रम सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन और यमन के हूती समूह के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच सामने आया है. हूती समूह सऊदी क्षेत्र को निशाना बनाकर बार-बार मिसाइल और ड्रोन हमले करता रहा है. कोई हताहत होने की खबर नहीं है.

Recent News