जयपुर: राजस्थान के बहरोड़ से भाजपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जसवंत यादव का रविवार सुबह जयपुर में निधन हो गया. वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे. उनकी उम्र 73 वर्ष थी. उनके बेटे मोहित यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि उनके पिता ने सुबह 8:15 बजे अंतिम सांस ली.
मोहित यादव ने लिखा, “मुझे गहरे दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे पूज्य पिता डॉ. जसवंत यादव जी, बहरोड़ के वर्तमान विधायक, राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और अलवर के पूर्व सांसद, अब हमारे बीच नहीं रहे.” उन्होंने अपने पिता को महान आत्मा बताते हुए कहा कि उनका स्नेह, सादगी और समाज के प्रति समर्पण लोगों की स्मृतियों में हमेशा बना रहेगा.
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा, “बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. दुख की इस घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों के साथ हैं.” उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी शोक व्यक्त किया.
परिवार के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे के बाद उनके पार्थिव शरीर को अलवर स्थित जसवंत नगर में उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर 3 बजे खैरथल-तिजारा जिले के उनके पैतृक गांव सिलपटा में किया जाएगा.
डॉ. जसवंत यादव चार बार विधायक रहे और उन्होंने अलवर से लोकसभा का भी प्रतिनिधित्व किया. वे 2016 से 2018 तक वसुंधरा राजे सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थे. उन्होंने 1998 में मुंडावर सीट से चुनाव जीतकर राजनीति की शुरुआत की थी. उनके निधन के बाद राजस्थान विधानसभा में सदस्यों की संख्या घटकर 199 रह गई है. बहरोड़ सीट पर छह महीने के भीतर उपचुनाव होने की संभावना है.