वेदपाल, शादाब और शिवपूजन यादव भी थे मौजूद
मामले की जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई
कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मंझनपुर विधायक इंद्रजीत सरोज समेत चार नामजद लोगों और सैकड़ों अज्ञात समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और मंझनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज की शिकायत पर हुई है.
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने रविवार को बताया कि वीरेंद्र सरोज ने शनिवार देर रात शिकायत दी. उनके अनुसार, वे शाम करीब पांच बजे अपनी कार से प्रयागराज जा रहे थे. तभी करारी थाना क्षेत्र के म्यौहर गांव के पास इंद्रजीत सरोज और उनके सैकड़ों समर्थकों ने उनकी कार को घेर लिया.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंद्रजीत सरोज के साथ ओसा निवासी वेदपाल, शादाब और शिवपूजन यादव भी मौजूद थे. इन लोगों ने ‘BJP मुर्दाबाद’ के नारे लगाए, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की नीयत से कार का घेराव किया. घटना के समय वीरेंद्र सरोज का सरकारी गनर भी उनके साथ था.
पुलिस ने करारी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. एसपी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह घटना स्थानीय स्तर पर सियासी तनाव बढ़ाने वाली साबित हो रही है. पुलिस जांच को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ा रही है.