जयपुर में RSS जिला प्रचारक से कथित मारपीट, SHO समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Amanat Ansari 13 Oct 2026 10:56 PM 1 Mins
जयपुर में RSS जिला प्रचारक से कथित मारपीट, SHO समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

जयपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ कथित मारपीट के मामले में नरेना थाने के प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. आरोप है कि पुलिस ने उन्हें रात की गश्त के दौरान पकड़कर थाने ले जाया, जहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई.

जानकारी के अनुसार, RSS के सांभर जिला प्रचारक कृष्ण अवतार को पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान रोका और नरेना थाने ले गई. थाने में बहस के बाद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की. मारपीट के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल, फिर जयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने शांति भंग के आरोप में उनका चालान भी कर दिया था.

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में RSS कार्यकर्ता नरेना थाने पहुंच गए और करीब 6 घंटे तक धरना दिया. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया. बीजेपी के कई नेताओं ने भी अधिकारियों के सामने मुद्दा उठाया. आरोप लगाया गया है कि पुलिसकर्मियों ने पीड़ित के कपड़े उतारकर बुरी तरह पीटा.

बढ़ते विरोध और नेताओं के दखल के बाद अधिकारियों ने नरेना थाने के इंचार्ज समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया. मामले की जांच जारी है, जिसमें यह स्पष्ट होगा कि प्रचारक को किस आधार पर हिरासत में लिया गया और थाने में क्या हुआ.

Recent News