नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास, आशुतोष रांका समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मंगलवार को मामला दर्ज कर लिया है. यह FIR बिना अनुमति जंतर-मंतर में घुसने की घटना को लेकर दर्ज की गई है.
सुबह तिरंगा लेकर कुछ CJP कार्यकर्ता चुपके से जंतर-मंतर में घुस गए थे. दिल्ली पुलिस ने आशुतोष रांका, सौरव दास, अजिंक्य शिंदे और टीम के अन्य सदस्यों को हिरासत में ले लिया. CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि तिरंगा लिए लोग जंतर-मंतर में घुस गए थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने हिरासत में लिया.
इससे पहले 10 अक्टूबर को CJP नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था. रविवार को उन्हें 50 हजार रुपये का जमानती बॉन्ड भरने के बाद रिहा किया गया था.
रिहाई की शर्त थी कि वे एक साल तक ‘शांति भंग’ करने वाला कोई काम नहीं करेंगे और अच्छा व्यवहार बनाए रखेंगे. जंतर-मंतर को हाल ही में निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया है. इसके बावजूद CJP नेताओं के घुसने की कोशिश के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है.