नई दिल्ली: दिल्ली में विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट मार्च के दौरान कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर एक महिला पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी का आरोप लगा है. OneIndia की पत्रकार ऋचा पराशर, जो गर्भावस्था की पहली तिमाही में हैं, ने दावा किया कि राहुल गांधी ने उनका हाथ पकड़कर खींचा और धक्का दिया, जिसके बाद वह सुप्रीम कोर्ट के बाहर सीढ़ियों पर गिर गईं.
'ये राहुल गांधी हैं, पत्रकार को ढकेल दिया।' वीडियो में एक महिला पत्रकार ऐसा कह रही है। अगर ऐसा हुआ है तो ये वाकई में बेहद निंदनीय और दुखद है। एक व्यक्ति यह भी कह रहा है कि किसी ने धक्का नहीं दिया, यहां बहुत भीड़ है। https://t.co/HCSlomgimF
— Bhadohi Wallah (@Mithileshdhar) October 13, 2026
ऋचा पराशर ने News18 को दिए इंटरव्यू में बताया कि वह राहुल गांधी के बयान रिकॉर्ड करने के लिए उनके नजदीक खड़ी थीं. जब उन्होंने दूसरी बार माइक बढ़ाया तो राहुल गांधी उनकी तरफ आए, हाथ पकड़कर खींचा. उन्होंने बार-बार कहा, “सर, धक्का मत दीजिए, हम जा रहे हैं.”
इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने भी उन्हें धक्का दिया, जिससे वह मुंह के बल सीढ़ियों पर गिर पड़ीं. पत्रकार का आरोप है कि राहुल गांधी ने उनके कैमरा पर्सन को भी कोहनी मारी, जो उनके ऊपर गिर पड़े. घटना के बाद ऋचा पराशर की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. उन्होंने बताया कि गिरते समय उन्होंने अपने पेट को हाथों से बचाने की कोशिश की.
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की और राहुल गांधी पर धक्का-मुक्की का आरोप लगाया. वहीं, कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें झूठा और प्रचार बताया है. पार्टी का कहना है कि यह BJP का प्रोपगैंडा है. यह घटना राजनीतिक विवाद का विषय बन गई है. पुलिस जांच अभी जारी है.