मिर्जापुर: आईएएस से इस्तीफा देकर राजनीति में आने की घोषणा कर चुकीं पूर्व डीएम दिव्या मित्तल रविवार को नवरात्रि के पहले दिन विंध्याचल पहुंचीं. मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने साफ कहा कि वे किसी भी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होने जा रही हैं. अपना अगला कदम नवरात्रि के दौरान ही सार्वजनिक करेंगी.
दिव्या मित्तल ने गेट नंबर दो से सामान्य कतार में खड़े होकर करीब डेढ़ घंटे इंतजार के बाद गर्भगृह में मां का दर्शन किया. इसके बाद हवनकुंड में आहुति अर्पित की और नौ दिनों का अनुष्ठान संकल्पित किया. उन्होंने कहा, ''नवरात्र के प्रथम दिन मां के दर्शन के लिए आई हूं. अभी नौ दिनों तक विंध्याचल में ही रहूंगी. इन्हीं दिनों में आगे की रूपरेखा तय करूंगी. मेरे आने वाले जीवन में जो भी नए कदम होंगे, उसकी घोषणा जल्द करूंगी. हां, इतना पक्का है कि किसी पार्टी में शामिल नहीं हो रही हूं.''
उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की अटकलों को भी खारिज करते हुए कहा कि उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई है. राजनीति देश को दिशा देने वाली जगह है और वे सही दिशा में अपना समय लगाना चाहती हैं. इससे पहले जिगना में समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया.
महिलाओं ने मालाएं पहनाईं और फूल बरसाए. ‘दिव्या दीदी जिंदाबाद’ के नारे गूंजे. भावुक होते हुए दिव्या ने कहा, ''आप लोगों ने इतने फूल बरसाए हैं. यह आपका प्यार है. मिर्जापुर को हमेशा हंसते रहना चाहिए.'' दिव्या मित्तल का यह इस्तीफे के बाद मिर्जापुर का पहला दौरा था.