हरदोई: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दो पुजारियों की हत्या के कुछ दिनों बाद अब हरदोई में एक और साधु की हत्या की घटना सामने आई है. शेर बहादुरपुर चौराहे के पास रविवार सुबह 32 वर्षीय साधु बबलू को उसके साथी ने कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला. बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के जियनखेड़ा मजरा काकूपुर निवासी बबलू का शव सुबह करीब छह बजे दुकानों के बरामदे में पड़ा मिला. सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे.
मां शिव देवी ने बताया कि बबलू पिछले चार साल से लखनऊ के एक मंदिर में साधु था. पाही उगपुर निवासी मुंशीलाल उर्फ मुन्नी करीब डेढ़ साल से उसके साथ रहता था. पुलिस की जांच में पता चला कि दोनों हरदोई आ रहे थे. रास्ते में नशा करने के दौरान किसी बात पर गाली-गलौज हुई. गुस्से में आकर मुंशीलाल ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे बबलू की मौत हो गई. मां की तहरीर पर पुलिस ने मुंशीलाल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी मौके से बरामद हुई. अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध कुमार गौतम ने बताया कि दोनों में गाली-गलौज हुई थी. इससे आहत होकर आरोपी ने साथी की हत्या कर दी. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले शाहजहांपुर के सुथा गांव के मंदिर में दो साधुओं की हत्या और शव जलाए जाने की घटना हुई थी. उस मामले में आरोपी सुमित को जेल भेजा जा चुका है.