नई दिल्ली: CJP आंदोलन के दौरान एक प्रदर्शनकारी महिला पर कथित हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना डीडीयू मार्ग (कमला मार्केट थाना क्षेत्र) पर हुई थी. वीडियो में दिख रहे कथित हमलावरों के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़े कई हैंडल्स ने पोस्टर और पोस्ट शेयर किए थे.
दिल्ली पुलिस के सामने BJP-RSS के गुंडे प्रोटेस्टर्स को मार रहे हैं। मोदी-शाह ने पूरे देश में गुंडाराज कायम कर दिया है। वीडियो में दिख रहा है कि गुंडे एक लड़की को जमीन पर गिराकर मार रहे हैं और पुलिस तमाशा देख रही है। https://t.co/cBDjcNtv5Q
— Congress (@INCIndia) October 10, 2026
पुलिस ने बताया कि पीड़िता या किसी अन्य व्यक्ति/संगठन की तरफ से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है. हालांकि, जानकारी मिली कि आरोपी रात में दिल्ली-एनसीआर छोड़कर फरार होने की योजना बना रहे हैं. वीडियो के वायरल होने और फरार होने की आशंका को देखते हुए चारों को चुपके से ट्रेस कर हिरासत में ले लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं, रमन सैनी (50), विवेकानंद उर्फ विवेक (32), कपिल कुमार (27), रविंदर सिंह उर्फ गोविंद हिंदू (35). पुलिस ने कहा कि दिन के दौरान जरूरत के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह घटना मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और हिरासत के बीच हुई थी. वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा पैदा की है.