'डरो मत, कल पूरा भारत सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा'... राहुल गांधी का ऐलान, विपक्षी दल इंडिया गेट से सुप्रीम कोर्ट तक करेंगे मार्च

Amanat Ansari 11 Oct 2026 09:47 PM 1 Mins
'डरो मत, कल पूरा भारत सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा'... राहुल गांधी का ऐलान, विपक्षी दल इंडिया गेट से सुप्रीम कोर्ट तक करेंगे मार्च

नई दिल्ली: मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दल सोमवार को दिल्ली में बड़ा मार्च निकालेंगे. इंडिया गठबंधन के नेता इंडिया गेट पर इकट्ठा होकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे. विपक्षी नेताओं की योजना शाम 4 बजे के बाद चीफ जस्टिस सूर्यकांत से मिलने की है. इस दौरान वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल CJI को ज्ञापन सौंपकर मामले में दखल देने की मांग करेगा.

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी इस मार्च में शामिल होंगे. इससे पहले वे विपक्ष के दो मार्च में शामिल नहीं हुए थे. कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोगों से जुड़ने की अपील की है. उन्होंने एक्स पर लिखा, “डरो मत. कल पूरा भारत सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा.”

राहुल गांधी ने कहा कि यह मार्च किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं होगा. इसमें युवा, विपक्षी दल, नागरिक संगठन और संविधान में विश्वास रखने वाले लोग शामिल होंगे. जाति, धर्म, समुदाय और राज्य की सीमाओं से ऊपर उठकर लोग एक साथ चलेंगे.

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का नाम लेते हुए कहा कि वे देश की आवाज को दबा नहीं सकते. उन्होंने शनिवार को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान युवाओं के साथ हुई मारपीट को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध करने पहुंचे युवाओं को पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीटा.

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी-शाह सरकार के नेतृत्व में देशभर में वोट चोरी की जा रही है. विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के SIR पर रोक और वोट चोरी रोकने की मांग कर रहे हैं.

Opposition leaders India Gate march Supreme Court

Recent News