भाजपा छोड़ने के बाद अखिलेश से मिले पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, सपा में एंट्री की अटकलें तेज; बेटी भी रहीं साथ

Amanat Ansari 11 Oct 2026 08:20 PM 1 Mins
भाजपा छोड़ने के बाद अखिलेश से मिले पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, सपा में एंट्री की अटकलें तेज; बेटी भी रहीं साथ

लखनऊ: भाजपा से नाता तोड़ने के बाद आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की. लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान उनकी बेटी कीर्ति कश्यप भी मौजूद रहीं. इस मुलाकात ने बरेली और आंवला क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा छेड़ दी है.

सपा के बरेली जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और वरिष्ठ नेता वीरपाल सिंह यादव भी इस मुलाकात में मौजूद थे. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि आंवला लोकसभा सीट से दो बार सांसद रहे धर्मेंद्र कश्यप से मिलकर पीडीए आंदोलन को और समर्थ, सशक्त तथा सक्रिय बनाने के लिए संयुक्त प्रयासों पर चर्चा हुई. अखिलेश ने कहा कि पीडीए ही हर पीड़ित, दुखी और अपमानित व्यक्ति को मान-सम्मान और स्थान दे सकता है.

हालांकि, धर्मेंद्र कश्यप के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की कोई आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है. भाजपा छोड़ते समय उन्होंने पार्टी में उपेक्षा, भीतरघात और पिछड़े समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर नाराजगी जताई थी. अब अखिलेश से मुलाकात के बाद उनकी अगली राजनीतिक पारी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं.

धर्मेंद्र कश्यप का राजनीतिक सफर बसपा से शुरू हुआ था. 2002 में बसपा के टिकट पर बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से जीत हासिल की. बाद में सपा में शामिल होकर 2007 में विधायक बने और मुलायम सिंह यादव सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री भी रहे. इसके बाद भाजपा में गए और 2014 तथा 2019 के लोकसभा चुनाव में आंवला से सांसद चुने गए. अब सपा में वापसी की चर्चा जोरों पर है.

Recent News