नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की सख्ती के बीच सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रिंकू यादव ने दावा किया है कि वे छुपते-छिपाते जंतर-मंतर के नजदीक पहुंच गए. रिंकू यादव वे व्यक्ति हैं जिन्होंने CJP के खिलाफ पहलवानों और जिम जाने वाले युवाओं को लाठी लेकर बुलाने की अपील की थी.
रिंकू यादव ने क्या कहा?
साढ़े चार लाख से अधिक फॉलोअर्स वाले रिंकू यादव (कुमुद राव) ने शनिवार को फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, ''वादे के मुताबिक जंतर-मंतर आ गया हूं. लेकिन बैरिकेडिंग देख लो. पुलिसवाले खड़े हैं. किसी को एंट्री नहीं है. कोई प्रदर्शन कर रहा, नहीं कर रहा. हमने कुछ नहीं देखा. लेकिन पुलिसवाले किसी को जाने नहीं दे रहे हैं.''
उन्होंने बताया कि वे अकेले आए क्योंकि एंबियंस मॉल पर एकत्र होने का कार्यक्रम इसलिए रद्द कर दिया ताकि कोई और गिरफ्तार न हो. पुलिस ने उन्हें पहले ही चेतावनी दी थी कि वे न जाएं, लेकिन फिर भी बच-बाचकर पहुंच गए. रिंकू यादव ने कहा कि उन्हें किसी के शांतिपूर्ण प्रदर्शन से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन दिल्ली में अशांति फैलाने, संसद पर हमला करने या अराजकता फैलाने की कोशिश की गई तो उनकी लाठी पहले भी तैयार थी और अब भी तैयार है.
उन्होंने कहा, ''तैयार बैठा हूं और यहीं बैठा हूं. जब जरूरत पड़ेगी फिर हाजिर हो जाएंगे. अपने साथ पूरी टीम है.'' CJP के नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका समेत सैकड़ों समर्थकों को हिरासत में लिए जाने के बाद जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिशें ज्यादातर असफल रहीं. ऐसे में रिंकू यादव के इस दावे ने सोशल मीडिया पर चर्चा बढ़ा दी है.