खुद चैलेंज देकर पीछे हटे अखिलेश, जब CM योगी ने किया पलटवार तो मोहरे को कर दिया आगे!

Amanat Ansari 10 Oct 2026 10:46 PM 1 Mins
खुद चैलेंज देकर पीछे हटे अखिलेश, जब CM योगी ने किया पलटवार तो मोहरे को कर दिया आगे!

लखनऊ: अयोध्या में सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आमने-सामने चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर विराम लग गया है. अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के न्योते का जवाब देते हुए साफ कर दिया कि अयोध्या से समाजवादी पार्टी की ओर से पवन को मैदान में उतारा जाएगा. इससे पहले अखिलेश ने योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी. जवाब में सीएम योगी ने बलरामपुर की सभा में कहा था कि अयोध्या धाम की बात है तो वे तैयार हैं. अखिलेश में हिम्मत है तो वे भी अयोध्या से नामांकन कर आमने-सामने लड़ें.

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा, “पवन का झोंका आएगा, अंहकार सब उड़ जाएगा. अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफ़ी है.” उन्होंने आगे लिखा कि चोरों को क्लीन चिट देने वाले दरअसल हिस्सेदार होते हैं. इस बार जनता घमंड का सारा पानी उतार देगी. उन्होंने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या की माताएं भी बाकी कसर पूरी कर देंगी.

5 अगस्त को लखनऊ में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन के दौरान अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अयोध्या सीट से पवन पांडेय के नाम की घोषणा कर दी थी. अखिलेश ने कहा था कि पवन पांडेय अयोध्या से चुनाव जीतेंगे. अखिलेश के इस बयान से साफ हो गया है कि अयोध्या में योगी और अखिलेश का सीधा मुकाबला नहीं होगा. सपा की ओर से पवन पांडेय मैदान में होंगे.

Recent News