नई दिल्ली: INDIA ब्लॉक के 10 नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा. विपक्ष ने वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों और चुनावों में ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए.
मुलाकात के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, “जब हमने राष्ट्रपति के सामने वोट चोरी का मुद्दा उठाया, तो उन्होंने आरोपों से इनकार नहीं किया और न ही कोई सवाल उठाया. उन्होंने हमसे वोट चोरी के सबूत देने को कहा है.” राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ साजिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष राष्ट्रपति को सबूत सौंपेगा और सोमवार को मुख्य न्यायाधीश से भी मुलाकात करेगा.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के सामने वोट चोरी का मुद्दा उठाया और फिर से चुनाव कराने तथा ईवीएम हटाकर बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग की. तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि राष्ट्रपति ने विपक्ष की बात सुनी और सकारात्मक रुख दिखाया. उन्होंने संविधान की रक्षा के लिए हस्तक्षेप की अपील की.
प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, एमए बेबी, डी. राजा, राजीव राय, सुप्रिया सुले, उमर अब्दुल्ला, मनोज झा और थोल थिरुमावलवन शामिल थे. इससे पहले विपक्षी सांसदों ने संसद से मार्च निकाला था, जिसे पुलिस ने विजय चौक पर रोका था.