'2029 के बाद भारत छोड़कर दुबई बस जाऊंगा'… रेजीनगर हार के बाद हुमायूं कबीर का बड़ा ऐलान, बाबरी मस्जिद को बताया प्राथमिकता

Amanat Ansari 09 Oct 2026 09:02 PM 1 Mins
'2029 के बाद भारत छोड़कर दुबई बस जाऊंगा'… रेजीनगर हार के बाद हुमायूं कबीर का बड़ा ऐलान, बाबरी मस्जिद को बताया प्राथमिकता

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर ने चौंकाने वाला बयान दिया है. उन्होंने कहा कि 2029 के बाद वह भारत छोड़कर दुबई में बस जाएंगे. हुमायूं कबीर ने मीडिया से बातचीत में कहा, ''मैं 2029 तक भारत में रहूंगा. इसके बाद 10 साल का वीजा लेकर दुबई चले जाऊंगा और वहीं बस जाऊंगा.''

उन्होंने बताया कि मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का निर्माण कराना फिलहाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. मस्जिद का निर्माण पूरा होने के बाद ही वह दुबई जाने की योजना पर आगे बढ़ेंगे. रेजीनगर उपचुनाव में हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद उनकी पार्टी के प्रत्याशी थे, जिन्हें हार का सामना करना पड़ा.

हुमायूं ने 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी अपनी मंशा जाहिर की. उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी चुनाव लड़ते हैं तो वह उन्हें एक बार फिर हराना चाहेंगे. हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद के नवादा से विधायक हैं और बाबरी मस्जिद शैली की मस्जिद बनाने के लिए विवादों में रहे हैं. उपचुनाव नतीजों के बाद उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है.

Humayun Kabir Dubai settlement Babri Masjid construction Rejinagar by-election

Recent News