CJP प्रदर्शन से दूर रहें मुस्लिम समुदाय, ऑल इंडिया इमाम संगठन चीफ का बड़ा बयान

Amanat Ansari 09 Oct 2026 08:18 PM 1 Mins
CJP प्रदर्शन से दूर रहें मुस्लिम समुदाय, ऑल इंडिया इमाम संगठन चीफ का बड़ा बयान

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर प्रदर्शन से ठीक पहले ऑल इंडिया इमाम संगठन के चीफ इमाम डॉ. उमेर अहमद इलियासी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने देशभर के मुस्लिम समुदाय से अपील की है कि वे किसी भी बहकावे में न आएं और शनिवार को होने वाले प्रदर्शन में शामिल न हों. डॉ. इलियासी ने कहा कि देश में कुछ राष्ट्रविरोधी ताकतें अमन-चैन का माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रही हैं.

राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए मुस्लिम युवाओं और समुदाय को बरगलाकर उनका इस्तेमाल करते हैं. उन्होंने याद दिलाया कि इतिहास गवाह है कि भावनाओं में बहकर लिए गए फैसलों के कारण कई निर्दोष लोग जेलों में बंद हैं और उनके परिवार दर-दर भटकने को मजबूर हैं. चीफ इमाम ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में धारा 163 लागू है.

ऐसे में किसी भी विरोध-प्रदर्शन में शामिल होना कानूनी रूप से नुकसानदेह साबित हो सकता है. उन्होंने मस्जिदों के इमामों से गुजारिश की कि वे मस्जिदों से एलान करें कि कोई भी व्यक्ति या युवा बहकावे में आकर प्रदर्शन स्थल की ओर न जाए. उन्होंने सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सतर्कता बरतने की सलाह दी.

डॉ. इलियासी ने कहा कि किसी भी भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले संदेशों को आगे न बढ़ाएं. मुस्लिम समुदाय शांति और सौहार्द का प्रतीक है, इसलिए भावनाओं के बजाय समझदारी और हिकमत से काम लेते हुए देश की शांति बनाए रखने में सहयोग करें. CJP ने शनिवार 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन की घोषणा की है, जिसमें युवाओं के शामिल होने का आह्वान किया गया है.

CJP protest Chief Imam Ilyasi Jantar Mantar Delhi India

Recent News