ग्वालियर: मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी के खिलाफ अदालत ने सख्त कार्रवाई की है. हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से पेशियों पर गैरहाजिर रहने के बाद ग्वालियर जिला कोर्ट ने उन्हें फरार घोषित कर स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है.
यह मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना इलाके में दर्ज हत्या के प्रयास के केस से जुड़ा है. अदालत में पेश जानकारी के अनुसार, दिनेश लोधी 22 जुलाई 2024 को आखिरी बार व्यक्तिगत रूप से पेश हुए थे. इसके बाद 23 अगस्त 2024 से 16 मार्च 2026 तक हुई कई पेशियों में वे अदालत में मौजूद नहीं रहे. उनकी ओर से लगातार हाजिरी माफी के आवेदन लगाए जाते रहे.
लगातार गैरहाजिरी और गिरफ्तारी वारंट की तामील नहीं होने के बाद अदालत ने उन्हें फरार घोषित करने और स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करने के आदेश दिए. पुलिस ने अदालत को बताया कि दिनेश लोधी ज्यादातर समय शिवपुरी जिले के पिछोर (पिता के विधानसभा क्षेत्र) में रहते हैं और कभी-कभार ही ग्वालियर आते हैं.
यह पहला मौका नहीं है जब दिनेश लोधी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ हो. इससे पहले जुलाई में ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी अदालत ने भी एक अन्य मामले में उन्हें फरार घोषित कर स्थायी वारंट जारी किया था. अब दो अलग-अलग मामलों में स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस के सामने उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने की चुनौती है.