16 साल की नौकरी में 2.5 करोड़ की अवैध संपत्ति! गोपालगंज ADM राजेश्वरी पांडेय के ठिकानों पर SVU का छापा

Amanat Ansari 09 Oct 2026 10:00 PM 1 Mins
16 साल की नौकरी में 2.5 करोड़ की अवैध संपत्ति! गोपालगंज ADM राजेश्वरी पांडेय के ठिकानों पर SVU का छापा

पटना: आय से अधिक संपत्ति के आरोप में गोपालगंज के अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) राजेश्वरी पांडेय के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार को SVU टीम ने पटना, रोहतास और गोपालगंज स्थित उनके चार ठिकानों पर छापामारी की. छापे के दौरान एडीएम, उनकी पत्नी और पुत्र के नाम पर पटना, वाराणसी, सासाराम और रोहतास में एक दर्जन जमीन और फ्लैट खरीद के दस्तावेज मिले, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपये आंकी गई.

पटना के रूपसपुर में आरपीएस स्कूल के पास भवानी सिटी अपार्टमेंट का फ्लैट भी इनमें शामिल है. तलाशी में एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के कुल 35 बैंक खाते मिले, जिनमें 1 करोड़ 49 लाख 17 हजार रुपये जमा पाए गए. इसके अलावा एलआईसी, एसबीआई लाइफ और विभिन्न कंपनियों के शेयर-म्यूचुअल फंड में भारी निवेश, 8.5 लाख रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट, 1.85 लाख रुपये नकद और 32 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद हुए.

SVU के अनुसार, कुल चल-अचल संपत्ति 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक पाई गई, जिसमें करीब 2.5 करोड़ रुपये की संपत्ति को आय से अधिक माना गया है. यह एडीएम की वैध आय से 135 प्रतिशत अधिक है. राजेश्वरी पांडेय वर्ष 2010 में सरकारी सेवा में आए थे. महज 16 साल की नौकरी में इतनी संपत्ति मिलने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है. छापेमारी पटना के रूपसपुर फ्लैट, रोहतास के करगहर स्थित पैतृक गांव ठोरसन, गोपालगंज कलेक्ट्रेट कार्यालय और सरकारी आवास पर की गई. देर शाम तक पैतृक गांव में तलाशी जारी थी.

Gopalganj ADM Rajeshwari Pandey disproportionate assets SVU raid Bihar vigilance

Recent News