कानपुर: थाईलैंड की एक महिला अपसॉर्न अपने भारतीय पति को ढूंढते हुए कानपुर पहुंच गई. हाथ में तस्वीरें लिए वह शहर में घूम रही थी. लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो वह सदमे में आ गई. कानपुर के दलेलपुरवा अनवरगंज निवासी मो. इरफान ने थाईलैंड में अपसॉर्न से शादी कर ली थी.
अपसॉर्न ने इरफान पर लाखों रुपए लुटा दिए. इन्हीं पैसों से इरफान ने लखनऊ और दिल्ली से 21 लाख रुपए की निंजा-10आर बाइक और 34 लाख रुपए की BMW बाइक खरीदी. दोनों बाइकें अब वह बेच भी चुका है. अपसॉर्न थाईलैंड के पटाया बीच पर सीफूड रेस्टोरेंट चलाती हैं.
इंस्टाग्राम पर दोस्ती होने के बाद दोनों की मुलाकात हुई. 22 अप्रैल 2025 को बौद्ध रीति-रिवाज से शादी हुई. शादी के बाद इरफान छह बार थाईलैंड गया. जब अपसॉर्न भारत आईं और 5 अक्टूबर की रात इरफान के घर पहुंचीं, तो उन्हें पता चला कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं.
विरोध करने पर इरफान और उसके पिता चांद ने मारपीट की, गालियां दीं और घर से भगा दिया. अपसॉर्न पर जबरन हिजाब पहनाकर धर्म परिवर्तन और निकाह का दबाव भी बनाया गया. अपसॉर्न ने पुलिस में तहरीर दी. अनवरगंज पुलिस ने इरफान, उसके पिता चांद और पार्टनर रेहान पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी. इरफान को जेल भेज दिया गया है.
पुलिस पूछताछ में इरफान ने शादी स्वीकार की और कहा, “मेरे धर्म में दो शादी जायज हैं, इसलिए थाईलैंड में शादी की. सोचा था बाद में बता दूंगा.” उसने कुछ पैसे लेने की बात भी मानी, लेकिन बड़ी रकम से इनकार किया. पुलिस जांच जारी है. अपसॉर्न का कहना है कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई, शारीरिक शोषण हुआ और पैसे हड़प लिए गए. अब वे न्याय की उम्मीद लगाए बैठी हैं.