बेंगलुरु/नई दिल्ली: यूट्यूबर ध्रुव राठी आज बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने वाले हैं. अभिनेता प्रकाश राज ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को फिल्मी अंदाज में चेतावनी दी है. CJP के संस्थापक अभिजीत डिपके ने बुधवार रात एक वीडियो में ध्रुव राठी को सरप्राइज गेस्ट के रूप में पेश किया. राठी ने वीडियो में कहा, “नमस्कार दोस्तों, यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है...
आइए कल 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में मिलते हैं. और दिल्ली वालों, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर जरूर आएं.” उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की. प्रकाश राज ने सिंगम फिल्म के डायलॉग को याद करते हुए कहा, ''आली रे आली, ज्ञानू, आता तुझी बारी आली'' (अब तेरी बारी आई है, ज्ञानू). उन्होंने ध्रुव राठी को स्पाइन वाला व्यक्ति बताया और SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को दमनकारी करार दिया.
CJP का यह प्रदर्शन मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहा है. कार्यक्रम में पीपुल्स ट्रिब्यूनल ऑन SIR होगा, जिसमें वोटर लिस्ट से हटाए गए लोगों के अनुभव साझा किए जाएंगे. इसके बाद चप्पल प्रोटेस्ट भी आयोजित होगा.
यह बेंगलुरु का प्रदर्शन 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले बड़े प्रदर्शन की तैयारी है. वहीं, कांग्रेस और INDIA ब्लॉक भी दिल्ली में CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. राहुल गांधी ने कहा है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा.