उत्तराखंड निकाय चुनाव में कांग्रेस का तूफान! किच्छा में तीसरी बार कब्जा, आधे वार्ड जीते, भाजपा की करारी हार!

Amanat Ansari 08 Oct 2026 09:44 PM 1 Mins
उत्तराखंड निकाय चुनाव में कांग्रेस का तूफान! किच्छा में तीसरी बार कब्जा, आधे वार्ड जीते, भाजपा की करारी हार!

उधमसिंह नगर (उत्तराखंड): उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में नगर पालिका चुनाव के नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आए हैं. नगर पालिका किच्छा में कांग्रेस ने तीसरी बार अपना कब्जा बरकरार रखा, जबकि पहली बार बनी नगर पालिका सिरौलीकलां भी जीत ली. किच्छा में आधे वार्डों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया.

किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के राजेश प्रताप सिंह ने भाजपा के संदीप अरोरा को 6147 मतों से हराया. राजेश को 19091 मत मिले, जबकि संदीप को 12944. राजेश ने चारों राउंड में बढ़त बनाए रखी. कुल 20 वार्डों में कांग्रेस ने 10, भाजपा ने 6 और निर्दलीयों ने 4 वार्ड जीते.

सिरौलीकलां में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की राशिदा ने 5434 मत हासिल कर निर्दलीय फरीन जहां को 1773 मतों से हराया. फरीन को 3661 वोट मिले. सिरौलीकलां के सभी वार्डों पर भी कांग्रेस का कब्जा हो गया है. इन दोनों जीतों को स्थानीय विधायक तिलकराज बेहड़ की बड़ी सफलता माना जा रहा है.

विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हुए इन चुनावों को बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के बीच सेमीफाइनल की तरह देखा जा रहा था. बेहड़ ने दोनों जगह बाजी मार ली. गौरतलब है कि 2018 में किच्छा नगरपालिका के विस्तार में सिरौलीकलां को जोड़ा गया था, बाद में शासन ने अलग कर दिया.

कांग्रेस ने इसे चुनौती की तरह लिया और अलग चुनाव में भी जीत दर्ज की. मतदान के दिन बेहड़ और शुक्ला के बीच हाथापाई भी हुई थी, जिससे चुनाव हाईप्रोफाइल हो गया था. कांग्रेस की इस जीत ने क्षेत्रीय राजनीति में बेहड़ का कद और बढ़ा दिया है, जबकि भाजपा को झटका लगा है.

Recent News