राजघाट पहुंचे 300 विपक्षी सांसद, गांधी स्मारक पर धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका

Amanat Ansari 08 Oct 2026 06:02 PM 1 Mins
राजघाट पहुंचे 300 विपक्षी सांसद, गांधी स्मारक पर धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका

नई दिल्ली. इंडिया गठबंधन के विपक्षी सांसद गुरुवार को तीसरे दिन भी सड़कों पर उतरे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अगुवाई में कनॉट प्लेस में लंच मीटिंग के बाद विपक्षी नेता राजघाट पहुंचे, जहां 300 सांसदों के साथ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अभिषेक बनर्जी धरने पर बैठ गए. खरगे ने कहा कि हम यहां प्रार्थना करेंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को समझ आए कि उनके फैसले देश के हित में नहीं हैं.

उन्होंने कहा कि वोट चोरी, महंगाई और युवाओं की समस्याएं जनता के खिलाफ हैं. हम यहां बैठकर विरोध करेंगे. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दो दिनों से उन्हें प्रदर्शन नहीं करने दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हम शांतिपूर्ण धरना करना चाहते हैं. हमारे साथ 300 सांसद हैं. नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और मोहन भागवत ने साजिश रचकर संविधान और वोट पर हमला किया है. इन चारों को सजा मिलेगी.

कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी वाले डर गए हैं. राजघाट पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. इलाके में चारों ओर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं. इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की. चुनाव आयोग के आसपास भी हाई अलर्ट जारी है.

विपक्ष का यह आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और कथित वोट चोरी (एसआईआर में गड़बड़ी) के मुद्दे पर केंद्रित है. पहले दो दिनों में भी विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया था. कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने साफ कहा कि विरोध ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा और यह जन आंदोलन बन जाएगा. राजघाट पर विपक्षी सांसदों का धरना जारी है. पूरा घटनाक्रम लाइव अपडेट के साथ देखा जा रहा है.

Recent News