AAP को एक और बड़ा झटका... प्रियंका कक्कड़ के बाद नीलिमा यादव ने भी थामा कांग्रेस का दामन

Amanat Ansari 08 Oct 2026 03:57 PM 1 Mins
AAP को एक और बड़ा झटका... प्रियंका कक्कड़ के बाद नीलिमा यादव ने भी थामा कांग्रेस का दामन

नई दिल्ली/लखनऊ: आम आदमी पार्टी (AAP) को एक और बड़ा झटका लगा है. उत्तर प्रदेश महिला विंग की अध्यक्ष और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नीलिमा यादव ने गुरुवार को AAP छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान कर दिया.

कांग्रेस जॉइन करने के बाद नीलिमा यादव ने कहा, ''आज देश को कांग्रेस और राहुल गांधी जी की जरूरत है, क्योंकि यही वो पार्टी है जो हमेशा से लोकतंत्र को मजबूत करने में लगी रही है. हम सब देख रहे हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पूरी पार्टी लोकतंत्र-संविधान की रक्षा के लिए लड़ रही है.''

उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने यूपी में AAP को 12 साल दिए, लेकिन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व कार्यकर्ताओं से कटा हुआ है, जिसके चलते लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. नीलिमा ने लोगों से अपील की कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस के साथ आएं. यह घटना प्रियंका कक्कड़ के कांग्रेस जॉइन करने के कुछ दिनों बाद हुई है.

प्रियंका कक्कड़ AAP की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता थीं और उन्होंने भी लोकतंत्र बचाने के लिए कांग्रेस चुनने का दावा किया था. नीलिमा यादव 2019 से यूपी महिला विंग की अध्यक्ष थीं.  कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की उपस्थिति में उन्होंने सदस्यता ग्रहण की. AAP के लिए यह यूपी चुनावों से पहले एक और बड़ा नुकसान माना जा रहा है.

Recent News