अयोध्या: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को रामनगरी अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधा चैलेंज दे दिया. सपा प्रत्याशी पवन पांडेय की भागवत कथा में शामिल होने पहुंचे अखिलेश ने कहा कि बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अगर अयोध्या को लेकर इतने आश्वस्त हैं तो खुद यहां से चुनाव लड़कर दिखाएं.
अखिलेश यादव ने योगी का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा, ''जब से हमने अयोध्या में अपना प्रत्याशी घोषित किया है, बीजेपी सर्वे पर सर्वे करा रही है. हर सर्वे में बीजेपी पीछे छूट रही है. सुनने में आ रहा है कि अयोध्या में बीजेपी को नया प्रत्याशी ही नहीं मिल पा रहा है. जो बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री इतने ही आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं.''
उन्होंने आगे कहा कि जनता दूध का दूध और पानी का पानी करने वालों का पानी उतार देगी. अखिलेश ने रामनगरी में सत्ता के दावों और कथित भ्रष्टाचार पर भी हमला बोला. भागवत कथा के मंच से उन्होंने कहा कि कृष्ण का सुदर्शन चक्र सज्जनों की रक्षा के लिए था, डराने के लिए नहीं. सत्ता की एजेंसियों और अधिकारियों को इससे सीख लेनी चाहिए कि शक्ति का इस्तेमाल संरक्षण और न्याय के लिए हो, भय पैदा करने के लिए नहीं.
चुनावी वादे दोहराते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर हर साल महिलाओं को 40 हजार रुपये दिए जाएंगे. अयोध्या के विकास को गति देंगे और भेदभाव नहीं होगा. विकास का ज्यादातर फायदा स्थानीय लोगों को मिलेगा, बाहरियों को नहीं. अयोध्या की पहचान को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए जो भी करना होगा, वह किया जाएगा. अखिलेश के इस चैलेंज से यूपी की चुनावी राजनीति में गर्मागर्मी बढ़ गई है.