रियाद: यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है. गुरुवार को एयरपोर्ट से धुआं उठता देखा गया, जिससे उड़ानें बाधित हो गईं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, एक गवाह और तीन जानकार सूत्रों ने बताया कि एयरपोर्ट पर खड़े एक विमान से धुआं उठ रहा था. माना जा रहा है कि विमान खाली था.
फ्लाइट ट्रैकिंग सेवा फ्लाइटराडार24 ने बताया कि रियाद एयरपोर्ट दोबारा बंद कर दिया गया. आखिरी लैंडिंग 80 मिनट पहले और टेक-ऑफ 90 मिनट पहले दर्ज हुई थी. हूती सैन्य प्रवक्ता यह्या सारी ने बयान में कहा, “हमारी सशस्त्र सेनाओं ने आज रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया. यह हमला सफल रहा, जिससे नुकसान हुआ और एयर ट्रैफिक बाधित हो गया.”
उन्होंने फिर से चेतावनी दी कि वे सऊदी एयरस्पेस को बंद करने के लिए मजबूर कर सकते हैं. सऊदी सरकार ने अभी तक इस हमले या एयरपोर्ट बाधा पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है. सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि रियाद की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया. इस घटना से रियाद के बिजनेस डिस्ट्रिक्ट में भी दहशत फैल गई.
किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट (KAFD) में काम करने वाली कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने कर्मचारियों को घर से काम करने का निर्देश दिया. कुछ राजनयिकों को सुरक्षा चेतावनी मिली, जबकि कई स्कूलों ने अभिभावकों को बच्चों को सुरक्षित जगह पर रखने की सलाह दी.
यह घटना हूतियों के सऊदी अरब के खिलाफ अभियान में तेज उछाल का संकेत है. यमन का गृहयुद्ध सालों बाद फिर भड़क उठा है. बुधवार को सऊदी अधिकारियों ने बताया था कि इस सप्ताह रियाद और आभा एयरपोर्ट पर हुए हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई है. हूतियों ने क्षेत्र के एयरलाइंस और एयरपोर्ट्स को भी चेतावनी दी है, जिससे वाणिज्यिक उड़ानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों के लिए नया एडवाइजरी जारी किया है. वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 10 अक्टूबर तक रियाद से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं. रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों से अपील की है कि वे सतर्क और सावधान रहें. जरूरत पड़ने पर घर के अंदर रहें और सऊदी अधिकारियों द्वारा आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करें. दूतावास ने कहा, “भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे चल रही घटनाओं से जुड़े किसी भी वीडियो या खबर को सर्कुलेट या रिपोस्ट न करें.”
दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि उनके कार्य सामान्य रूप से चल रहे हैं. वीएफएस के जरिए दी जाने वाली आउटसोर्स्ड सेवाएं भी सामान्य हैं. भारतीयों से अपील की गई है कि वे सत्यापित जानकारी और आगे के निर्देशों के लिए दूतावास के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों पर नजर रखें.
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रद्द की उड़ानें
क्षेत्र में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद से आने-जाने वाली उड़ानें 10 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं. एयरलाइन के प्रवक्ता ने डीडी न्यूज को बताया, “क्षेत्र में बदलती स्थिति को देखते हुए हमने 10 अक्टूबर तक रियाद की उड़ानें रद्द कर दी हैं. प्रभावित यात्रियों को मुफ्त में रीशेड्यूलिंग या कैंसलेशन पर पूरा रिफंड दिया जा रहा है. हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.”