लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ाने की तैयारी कर रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है. राज्य में 1.20 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को इसका फायदा मिलेगा. वर्तमान में वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं के तहत 1000 रुपए प्रतिमाह मिल रहा है. सरकार इसे बढ़ाकर 1500 रुपए प्रतिमाह करने जा रही है.
यानी हर लाभार्थी को हर महीने 500 रुपए अतिरिक्त मिलेंगे. सालाना राशि 12 हजार से बढ़कर 18 हजार रुपए हो जाएगी. यह प्रस्ताव नवंबर के दूसरे पखवाड़े में कैबिनेट में लाया जा सकता है. सरकार का लक्ष्य तीसरी तिमाही से बढ़ी हुई पेंशन देना शुरू करने का है. इसके लिए अनुपूरक बजट में धनराशि का प्रावधान किया जाएगा. तीनों योजनाओं में कुल लाभार्थी 1.20 करोड़ से अधिक हैं.
कितने लोगों को होगा फायदा?
मंत्रियों का बयान
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार बुजुर्गों को आर्थिक संबल देने के लिए प्रतिबद्ध है. पेंशन बढ़ने से 67 लाख से अधिक बुजुर्गों को सीधा लाभ मिलेगा. दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि यह दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा. वर्ष 2017 में पेंशन को 500 रुपए से बढ़ाकर 1000 रुपए किया गया था. अब यह 2017 के मुकाबले तीन गुना हो जाएगी.