'कुंवारों की शादी करवाऊंगी, सुंदर दुल्हन ढूंढूंगी…' राजस्थान की सरपंच प्रत्याशी का अनोखा चुनावी वादा वायरल

Amanat Ansari 10 Oct 2026 10:52 AM 1 Mins
'कुंवारों की शादी करवाऊंगी, सुंदर दुल्हन ढूंढूंगी…' राजस्थान की सरपंच प्रत्याशी का अनोखा चुनावी वादा वायरल

झुंझुनूं (राजस्थान): पंचायत चुनाव के बीच राजस्थान के झुंझुनूं जिले के झाझड़ गांव से एक अनोखा चुनावी वादा सामने आया है. सरपंच पद की दावेदार अनीता सैनी ने गांव के कुंवारे युवाओं की शादी करवाने का आश्वासन दिया है.

उनका यह वादा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आमतौर पर सरपंच प्रत्याशी सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे विकास कार्यों का वादा करते हैं, लेकिन अनीता सैनी ने युवाओं की शादी की समस्या को अपने एजेंडे में शामिल कर लिया है.

अनीता सैनी का कहना है कि अगर वे चुनाव जीतती हैं और गांव के किसी कुंवारे युवक को शादी के लिए लड़की नहीं मिल रही है, तो वे उसकी शादी करवाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी. जरूरत पड़ने पर दूसरे गांवों में जाकर भी दुल्हन तलाशेंगी.

उन्होंने यहां तक कहा कि बारात ले जाने के लिए ट्रेन लगवाने का भी प्रयास करेंगी. उनके इस अनोखे वादे का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. लोग इसे पंचायत चुनाव प्रचार का अलग अंदाज बता रहे हैं.

राजस्थान और हरियाणा के कुछ इलाकों में युवाओं की शादी में आ रही दिक्कतों का मुद्दा समय-समय पर चर्चा में रहता है. ऐसे में अनीता सैनी के इस वादे ने चुनावी सरगर्मी को नया मोड़ दे दिया है. चुनाव जीतने के बाद वे इस वादे को कैसे पूरा करेंगी, यह देखना दिलचस्प होगा.

Recent News