'आधार से जोड़ो वोटिंग, मेटल कार्ड बनाओ'… अखिलेश यादव ने चुनाव धांधली रोकने के दिए 3 बड़े सुझाव

Amanat Ansari 09 Nov 2026 06:01 PM 1 Mins
'आधार से जोड़ो वोटिंग, मेटल कार्ड बनाओ'… अखिलेश यादव ने चुनाव धांधली रोकने के दिए 3 बड़े सुझाव

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी प्रक्रिया को लेकर सियासत तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव में फर्जी मतदान और कथित धांधली रोकने के लिए तीन बड़े सुझाव दिए हैं. सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से ये मांगें रखीं. उन्होंने दावा किया कि इन बदलावों से फर्जी वोटिंग की गुंजाइश खत्म हो जाएगी और भाजपा नकली वोटिंग नहीं करा पाएगी.

अखिलेश यादव के 3 सुझाव क्या हैं?

  • आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए: अखिलेश यादव ने मांग की कि मतदाताओं के आधार कार्ड को वोटिंग प्रक्रिया से लिंक किया जाए. इससे एक ही व्यक्ति के नाम पर कई जगह फर्जी एंट्री रोकने में मदद मिलेगी.
  • कागज-प्लास्टिक की जगह मेटल कार्ड: उन्होंने सुझाव दिया कि मतदाता पहचान पत्र कागज या प्लास्टिक के बजाय धातु (मेटल) से बनाए जाएं. उनका तर्क है कि मेटल कार्ड की नकल करना और फर्जी कार्ड तैयार करना काफी मुश्किल होगा.
  • बायोमेट्रिक पहचान अनिवार्य हो: सपा प्रमुख ने मतदान केंद्रों पर फिंगरप्रिंट या आंखों की पुतली (आइरिस) स्कैन के जरिए बायोमेट्रिक पहचान अनिवार्य करने की मांग की. उन्होंने कहा कि दो व्यक्तियों के बायोमेट्रिक समान नहीं होते, इसलिए कोई दूसरा व्यक्ति किसी और के नाम पर वोट नहीं डाल पाएगा.

अखिलेश यादव ने लिखा, ''चुनाव को लेकर सीधी-सरल मांग. आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए. कागज या प्लास्टिक की जगह ‘मेटल कार्ड’ बनाए जाएं जिससे नकली न बन सकें. उंगलियों के निशान या आंख से होनेवाली बायोमेट्रिक्स पहचान को अपनाया जाए क्योंकि ये किसी दो व्यक्ति के समान नहीं होते हैं, इसीलिए भाजपा नकली वोटिंग नहीं करा पाएगी.''

यह मांग ऐसे समय आई है जब विपक्षी दल स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और वोटर लिस्ट को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं. 2027 के यूपी चुनाव से पहले चुनावी पारदर्शिता का मुद्दा अब और गरमा गया है.

Recent News