नई दिल्ली: शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ में दीपिका के भगवा रंग की ड्रेस को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. दिल्ली के पटपड़गंज से भाजपा विधायक रविंद्र सिंह नेगी ने इस सीन का कड़ा विरोध किया है. विधायक नेगी ने शाहरुख खान पर निशाना साधते हुए कहा कि यह जानबूझकर सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश है. उन्होंने इसे ‘जिहादी मानसिकता’ करार दिया और सीन हटाने की मांग की.
रविंद्र नेगी ने कहा, ''बार-बार एक ही गलती... सनातन को बदनाम करने के लिए. भगवा हमारे सनातन का प्रतीक है. ये खान ब्रदर्स जिहादी मानसिकता वाले लोग हैं. तीन साल पहले ‘पठान’ में दीपिका को भगवा बिकिनी पहनाई गई थी, तब भी बवाल हुआ था. अब फिर वही गलती दोहराई जा रही है.'' उन्होंने चेतावनी दी, “हम इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे. जब तक इस सीन को नहीं काटा जाता, विरोध जारी रहेगा. महाराष्ट्र से विरोध शुरू हो चुका है, दिल्ली में भी होगा. अगर हिम्मत है तो हरे रंग की बिकिनी पहनकर डांस करके दिखाएं.''
‘किंग’ फिल्म 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है. इसे सिद्धार्थ आनंद ने डायरेक्ट किया है. गाना ‘तू मिल जाए’ शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर रिलीज हुआ था. इसमें अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची की आवाज है, जबकि म्यूजिक सचिन-जिगर का है. गाना यूट्यूब पर पहले ही करोड़ों व्यूज पार कर चुका है. विधायक ने साफ कहा कि सीन न हटाए जाने पर फिल्म के रिलीज का भी विरोध किया जाएगा.