अमरवती: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को उच्च मूल्य के नोटों को रद्द करने की जोरदार वकालत की. उन्होंने कहा कि 500, 1000 और 2000 रुपए के नोट पूरी तरह बंद कर दिए जाएं और सिर्फ 100 व 200 रुपए के नोट ही चलन में रहें. नायडू ने दावा किया कि बड़े मूल्य के नोटों को खत्म करने से भ्रष्टाचार का चक्र टूटेगा, काले धन पर लगाम लगेगी और डिजिटल करेंसी को बढ़ावा मिलेगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नायडू ने कहा, ''मैंने ही डिजिटल करेंसी रिपोर्ट के लिए इनपुट दिए थे. मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले भी इसकी मांग की थी और अब फिर से कर रहा हूं. मैं यह मुद्दा बार-बार उठाता रहूंगा. 500, 1000 और 2000 रुपए के नोट रद्द कर दिए जाने चाहिए. सिर्फ 100 और 200 रुपए के नोट ही रहने चाहिए.'' उन्होंने कहा कि अगर तकनीक को सही तरीके से लागू किया जाए तो संपत्ति निर्माण और गरीबी उन्मूलन दोनों आसान हो जाएंगे.
नोटबंदी की 10वीं वर्षगांठ पर बयान
सिस्टम में खामियों की वजह से भ्रष्टाचार का दुष्चक्र बना हुआ है, जिसे तोड़ना जरूरी है. नायडू का यह बयान 8 नवंबर 2016 को हुई नोटबंदी की 10वीं वर्षगांठ के ठीक अगले दिन आया है. तब सरकार ने 500 और 1000 रुपए के नोट बंद किए थे. उन्होंने चुनावी राजनीति में पैसे के दुरुपयोग पर भी बात की. नायडू ने कहा कि एनडीए ने पैसे बांटकर चुनाव लड़ने की प्रथा को काफी हद तक नियंत्रित किया है.
राजनीति सेवा की भावना से होनी चाहिए, पैसे के बल पर नहीं. उम्मीदवार चुनाव में ज्यादा खर्च करके जीतने के बाद उसे वसूलने की कोशिश करते हैं. खर्च कम होने से नेताओं में सेवा का भाव बढ़ेगा. चंद्रबाबू नायडू ने साफ कहा कि वे इस मांग को लगातार उठाते रहेंगे.