तेहरान/वाशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. दोनों देशों की ओर से एक-दूसरे को सख्त चेतावनियां दी जा रही हैं. ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमेरिका को साफ चेतावनी दी है कि अगर वाशिंगटन ने तेहरान के प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया और सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने की दिशा में कदम नहीं उठाया, तो उसे गंभीर सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.
ईरान की चेतावनी
अराघची ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘व्हाइट हाउस’ को निशाना बनाते हुए लिखा, “अमेरिकी मतदाताओं ने अपना फैसला सुना दिया है. अब व्हाइट हाउस को अपना फैसला करना है.” उन्होंने कहा कि ईरान का दो दिनों वाला प्रस्ताव अभी भी मेज पर है. अमेरिका को बातचीत और युद्ध में से किसी एक रास्ते को चुनना होगा. अगर अमेरिका ने युद्ध का रास्ता चुना तो ईरान के लड़ाके उस पर कहर बरपा देंगे. उन्होंने कहा कि अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद बातचीत की रफ्तार धीमी पड़ गई है.
ट्रंप की धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने CNN को दिए इंटरव्यू में कहा कि अगर ईरान अमेरिका के साथ मजबूत समझौता कर लेता है, तो दोबारा सैन्य हमले की जरूरत शायद नहीं पड़ेगी. उन्होंने ईरान को ‘विफल राष्ट्र’ बताया और दावा किया कि वहां महंगाई 301 प्रतिशत तक पहुंच गई है. ट्रंप ने एक बड़ी धमकी भी दी. उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के 38 पुलों को निशाना बनाया है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर महज एक घंटे में नष्ट किया जा सकता है.
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसा नहीं करना चाहते, क्योंकि इन पुलों को दोबारा बनाने में करीब 10 साल लग सकते हैं. दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे मुद्दों पर कूटनीतिक प्रयास जारी हैं. आने वाले दिनों में स्थिति किस दिशा में जाती है, इस पर पूरी दुनिया की नजर है.