5 राज्यों के विधानसभा चुनावों का शेड्यूल जनवरी 2027 में हो सकता है घोषित

Amanat Ansari 09 Nov 2026 05:36 PM 1 Mins
5 राज्यों के विधानसभा चुनावों का शेड्यूल जनवरी  2027 में हो सकता है घोषित

नई दिल्ली: सूत्रों के मुताबिक, भारत निर्वाचन आयोग (ECI) उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम जनवरी 2027 के पहले पखवाड़े में घोषित कर सकता है. चुनाव आयोग की यह घोषणा मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों के इन पांचों राज्यों के दौरे पूरा होने के बाद की जाएगी. आयोग की पूरी बेंच नवंबर के आखिरी हफ्ते या दिसंबर में इन राज्यों का दौरा शुरू कर सकती है. इससे पहले नवंबर के अंत तक सभी पांच राज्यों में डीईसी-स्तरीय दौरे पूरे कर लिए जाएंगे.

राज्यों में तैयारियों का जायजा

पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर में डीईसी-स्तरीय दौरे पहले ही पूरे हो चुके हैं. उत्तर प्रदेश में एक दौरा हो चुका है, जबकि दो और दौरे बाकी हैं. गोवा में डीईसी टीम का दौरा अभी होना है. इन दौरों में जिला निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है. डीईसी दौरों की रिपोर्ट तीनों चुनाव आयुक्तों को सौंपी जाएगी. इसके बाद पूर्ण आयोग खुद राज्यों का दौरा करेगा. इन दौरों में मुख्य सचिवों, पुलिस महानिदेशकों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी व्यापक चर्चा होगी.

कितने चरणों में हो सकता है मतदान?

अभी यह तय नहीं हुआ है कि चुनाव कितने चरणों में कराए जाएंगे. अनुमान है कि पंजाब, गोवा और उत्तराखंड में एक चरण में मतदान हो सकता है, जबकि बड़े और संवेदनशील राज्य उत्तर प्रदेश में पिछले चुनावों की तरह कई चरणों में चुनाव कराने की संभावना है. अंतिम शेड्यूल आयोग के आधिकारिक ऐलान के समय ही सामने आएगा.

Recent News