Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के सागर से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज करा रही 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल में तैनात वार्ड बॉय राजा बंसल के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा अपने माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से सागर लौट रही थी। रास्ते में बरोदा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में घायल होने के बाद परिजन उसे सागर के बरगद अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने 20 नवंबर को उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया था। छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे वह आईसीयू में अपने बिस्तर पर सो रही थी। इसी दौरान वार्ड बॉय राजा बंसल वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने छात्रा को अनुचित तरीके से छुआ और बातचीत करने की इच्छा जताते हुए उसका मोबाइल नंबर मांगा। छात्रा ने नंबर देने से इनकार किया तो आरोपी ने दोबारा ऐसी हरकत की।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में जैकेट पहने एक व्यक्ति छात्रा के बेड के पास झुकता और उसके नजदीक खड़ा दिखाई दे रहा है। फुटेज में वह कंबल के ऊपर हाथ रखता भी नजर आता है। हालांकि, घटना की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने अस्पताल में विरोध जताया और कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान अस्पताल परिसर में शराब की पेटियों से भरी एक बोलेरो पहुंच गई। वहां मौजूद भीड़ को देखकर वाहन सवार लोग गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो और उसमें रखी शराब जब्त कर ली।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के मुताबिक, नाबालिग की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी कहा गया है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस दोनों घटनाक्रमों की जांच कर रही है।