Rajasthan News : राजस्थान के कोटा जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने नौ लोगों की जिंदगी छीन ली। खाटूश्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे एक ही परिवार की क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बच्चों समेत परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास हुई। शनिवार देर रात करीब एक से दो बजे के बीच परिवार की क्रूजर गाड़ी तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र का यह परिवार खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए राजस्थान आया था। दर्शन के बाद करीब 36 रिश्तेदार तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इनमें सबसे आगे चल रही क्रूजर गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। इस वाहन में करीब 15-16 लोग सवार बताए गए हैं।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), जाह्नवी (13) और माधवी के रूप में हुई है। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत से महाराष्ट्र में उनके परिजनों और रिश्तेदारों में मातम पसरा हुआ है।
दुर्घटना में घायल छह लोगों को एंबुलेंस की मदद से कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। ट्रक चालक भी हादसे में घायल हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और बचाव दल ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। खाटूश्यामजी के दर्शन कर खुशी-खुशी घर लौट रहा परिवार रास्ते में हुए इस हादसे के कारण कभी न भूलने वाले दुख में डूब गया।