कंबल और लुंगी से बनाई रस्सी, 18 फीट ऊंची दीवार फांदकर हुआ था फरार... 21 साल बाद पकड़ा गया शमीम फरार!

Global Bharat 21 Nov 2026 09:14 PM 1 Mins
कंबल और लुंगी से बनाई रस्सी, 18 फीट ऊंची दीवार फांदकर हुआ था फरार... 21 साल बाद पकड़ा गया शमीम फरार!

Up News : उत्तर प्रदेश के बहराइच में पुलिस ने 21 साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर शमीम को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। शमीम की गिरफ्तारी की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। साल 2005 में जेल से फरार होने के बाद उसने नेपाल से लेकर गुजरात और दिल्ली तक ठिकाने बदले, लेकिन पुलिस के हाथ नहीं आया। आखिरकार 21 साल बाद वह कानून के शिकंजे में आ गया।

मामला वर्ष 2005 का है। शमीम को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल पहुंचने के करीब डेढ़ महीने बाद ही उसने फरार होने की योजना बना ली। बताया जाता है कि उसने जेल में मिलने वाले कंबल और अपनी लुंगी को आपस में जोड़कर रस्सी तैयार की। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर करीब 18 फीट ऊंची जेल की मुख्य दीवार फांदकर फरार हो गया।

जेल से भागने के बाद शमीम ने पुलिस की निगरानी से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल तक नहीं किया। उसे अंदाजा था कि मोबाइल सर्विलांस के जरिए पुलिस उस तक पहुंच सकती है। पुलिस के पास भी उसकी करीब 20 साल पुरानी तस्वीर ही मौजूद थी। जेल से फरार होने के बाद वह सुबह करीब चार बजे नेपाल पहुंच गया। वहां कई वर्षों तक सब्जी बेचकर गुजारा किया। पैसों के विवाद में उसे नेपाल की जेल भी जाना पड़ा। इसके बाद भारत लौटकर गुजरात और दिल्ली में ठिकाने बदलता रहा।

आखिरकार किसी काम से चोरी-छिपे बहराइच पहुंचना उसके लिए भारी पड़ गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 21 साल तक पुलिस से बचता रहा शमीम अब सलाखों के पीछे है। पुलिस उसकी फरारी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Bahraich Shamim Arrest Shamim Jail Break Story 21 Years Absconding Criminal UP Police Arrest Nepal Escape Story

Description of the author

Recent News