बिहार में हैवानियत की हदें पार: गैंगरेप पीड़िता को छत से फेंका, चार माह पहले प्राइवेट पार्ट में डाला था कारतूस

Amanat Ansari 11 Nov 2026 11:16 AM 1 Mins
बिहार में हैवानियत की हदें पार: गैंगरेप पीड़िता को छत से फेंका, चार माह पहले प्राइवेट पार्ट में डाला था कारतूस

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में गैंगरेप की शिकार एक महिला के साथ फिर से हैवानियत हुई है. चकिया थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात करीब 12 बजे दो बदमाशों ने महिला को जबरन छत पर ले जाकर नीचे फेंक दिया. महिला को कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है.

पीड़िता ने बताया कि गांव के ही दो बदमाशों ने मोबाइल पर कॉल कर उसे बुलाया. जब उसने दरवाजा खोला तो उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया गया. इसके बाद दोनों ने उसे जबरन उठाकर छत पर ले गए, बाल पकड़कर मारपीट की और छत से नीचे फेंक दिया. वह ट्रंक (बड़े बक्से) पर गिर गई, जिससे कमर में काफी चोट आई. पीड़िता का कहना है कि इन दोनों से उसकी कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन उसे शक है कि चार माह पहले उसके साथ हुई सामूहिक दरिंदगी के मामले में जो आरोपित जेल में हैं, उन्हीं लोगों ने इस घटना को अंजाम दिलवाया है.

पुरानी घटना का संदर्भ

करीब चार माह पहले (जून 2026 में) इसी महिला को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया था. आरोप है कि आरोपितों ने उसके प्राइवेट पार्ट में कारतूस और लकड़ी के टुकड़े डाल दिए थे. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने ये चीजें निकाली थीं. उस मामले में चकिया थाने की पुलिस ने गांव के ही रामू महतो और नीतीश महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि एक अन्य आरोपित सूरज महतो फरार है. पुलिस ने सूरज के घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के साथ उस पर इनाम भी घोषित किया है.

चकिया थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि ताजा घटना के बाद आरोपित भोंगल निषाद (कुछ रिपोर्टों में भोगल कुमार) को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है. पीड़िता और परिवार का आरोप है कि केस वापस लेने का दबाव बना रहा था और यह हमला बदले की भावना से किया गया. मामले की जांच चल रही है. पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है.

Recent News