West Bengal News : पश्चिम बंगाल के IIT खड़गपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। छात्रों के साथ संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने अपनी हाजिरजवाबी और मजाकिया शैली से ऐसा माहौल बनाया कि वहां मौजूद छात्र भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके। इस दौरान पृथ्वीराज नाम के एक छात्र के साथ उनकी बातचीत खास चर्चा का विषय बन गई।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी छात्रों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पृथ्वीराज ने बैठे-बैठे उनसे सवाल पूछना शुरू किया। इस पर प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि पहले आप खड़े हो जाइए। छात्र ने तुरंत जवाब दिया, जी सर।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा, यहां खड़े हो जाने का मतलब यह नहीं कि चुनाव में खड़े हो जाओ। डरो मत! प्रधानमंत्री की इस बात पर छात्र ने भी जबरदस्त हाजिरजवाबी दिखाई। उसने कहा, सर, मौका मिला तो वहां भी खड़े हो जाएंगे।
बस फिर क्या था, प्रधानमंत्री मोदी ने भी मौका लपक लिया और तपाक से बोले, अच्छा, चलिए मुझे एक कैंडिडेट मिल गया। प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी ने वहां मौजूद लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। इस छोटे से संवाद में प्रधानमंत्री का सहज और हास्यपूर्ण अंदाज देखने को मिला। छात्र ने जहां चुनाव लड़ने की इच्छा जताने में देर नहीं लगाई, वहीं मोदी ने भी उसे मजाकिया अंदाज में उम्मीदवार घोषित कर दिया।
राजनीति में लोगों से जुड़ने के लिए कभी बड़े भाषणों की जरूरत नहीं होती, कभी-कभी दो वाक्य ही दिल जीत लेते हैं। हालांकि, पृथ्वीराज के भविष्य में चुनाव लड़ने या राजनीतिक पसंद को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन IIT खड़गपुर में हुई यह बातचीत जरूर यादगार बन गई।