Up News : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में विकास कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ऐसा बवाल हुआ कि समारोह का मंच ही अखाड़े में तब्दील हो गया। बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल और अपना दल (एस) के शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के समर्थक आपस में भिड़ गए। पहले नारेबाजी और कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। मंच पर जमकर धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मामला शनिवार को बढ़नी ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर का है। यहां 19.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निर्माण कार्य का शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दोपहर करीब 12 बजे कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी थी।
बताया जा रहा है कि सांसद जगदंबिका पाल के समर्थक उनके समर्थन में नारे लगा रहे थे, जबकि मंच से विधायक विनय वर्मा के समर्थन में नारेबाजी हो रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि सांसद समर्थक मंच पर पहुंच गए और विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी के साथ मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति संभाली। बाद में सांसद जगदंबिका पाल और विधायक विनय वर्मा एक साथ मंच पर भी नजर आए और भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न कराया।
विधायक विनय वर्मा ने मारपीट के मामले में एसपी से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद समर्थकों के बीच टकराव को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।