यूपी में 2027 की चुनावी बिसात! एनडीए में सीट बंटवारे पर मंथन शुरू, अनुप्रिया पटेल की नितिन नवीन से मुलाकात

Global Bharat 21 Nov 2026 10:25 PM 1 Mins
यूपी में 2027 की चुनावी बिसात! एनडीए में सीट बंटवारे पर मंथन शुरू, अनुप्रिया पटेल की नितिन नवीन से मुलाकात

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा ने चुनावी तैयारियों के साथ ही एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे का गणित सुलझाना शुरू कर दिया है। दिल्ली से लखनऊ तक मुलाकातों का दौर शुरू होने के बाद गठबंधन की राजनीति में नई हलचल दिखाई देने लगी है।

इसी कड़ी में अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस मुलाकात को औपचारिक और शिष्टाचार भेंट बताया गया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे 2027 की चुनावी रणनीति और सीटों के बंटवारे से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं लखनऊ में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से बातचीत की।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा ने सहयोगी दलों से बातचीत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी है। योगी आदित्यनाथ जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल, ब्रजेश पाठक अपना दल (एस), केशव मौर्य ओमप्रकाश राजभर की सुभासपा और पंकज चौधरी निषाद पार्टी से बातचीत करेंगे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। 2022 के चुनाव में अपना दल (एस) ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 पर जीत दर्ज की थी। निषाद पार्टी ने 10 में से छह सीटें जीती थीं। सुभासपा ने 19 में से छह सीटें हासिल की थीं। वहीं रालोद ने सपा गठबंधन में 33 सीटों पर चुनाव लड़कर आठ सीटें जीती थीं।

सूत्रों और के अनुसार सहयोगी दल इस बार अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं। अपना दल (एस) की करीब 25, रालोद की 30, सुभासपा की 25 और निषाद पार्टी की 30 से 36 सीटों पर दावेदारी की चर्चा है। हालांकि इन मांगों पर अंतिम सहमति या आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

भाजपा के सामने एक तरफ अपने दम पर अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति है, तो दूसरी तरफ सहयोगियों को संतुष्ट रखने की चुनौती। खास बात यह है कि रालोद और सुभासपा अब NDA में हैं, जबकि 2022 में दोनों सपा गठबंधन के साथ थीं। ऐसे में 2027 का सीट बंटवारा सिर्फ टिकटों का हिसाब नहीं, बल्कि NDA की एकजुटता और पूर्वांचल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक जातीय-सामाजिक समीकरण साधने की बड़ी परीक्षा बनने जा रहा है।

UP Election 2027 NDA Seat Sharing Anupriya Patel Nitin Naveen BJP Alliance Uttar Pradesh

Description of the author

Recent News