नई दिल्ली : देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के बड़े और लोकप्रिय ब्रांडों में शामिल बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन यानी मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी के परिसर से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने को प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाया गया है। इस कार्रवाई के बाद बोतलबंद पानी की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
FSSAI के मुताबिक, बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (मिनरल वाटर को छोड़कर) का एक नमूना एकत्र किया गया था। शुरुआती प्रयोगशाला जांच में पानी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके बाद नमूने को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित कर दिया गया।
हालांकि, कंपनी ने जांच के नतीजों के खिलाफ अपील की। इसके बाद नमूने को दोबारा परीक्षण के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। लेकिन दूसरी जांच में भी कंपनी को राहत नहीं मिली। रेफरल प्रयोगशाला ने नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) की मौजूदगी का पता लगाया और इसे दोबारा असुरक्षित घोषित किया।
दोनों प्रयोगशालाओं के निष्कर्षों के आधार पर FSSAI ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है। इसका मतलब है कि अब कंपनी के खिलाफ अदालत में कानूनी कार्यवाही आगे बढ़ाई जा सकती है। हालांकि, अभियोजन की मंजूरी का मतलब कंपनी का दोषी साबित होना नहीं है।