अयोध्या : भारत और नेपाल का रिश्ता महज दो पड़ोसी देशों के बीच का संबंध नहीं है, बल्कि सदियों पुराने विश्वास, संस्कृति, आस्था और पारिवारिक रिश्तों की ऐसी विरासत है, जिसकी मिसाल दुनिया में कम ही देखने को मिलती है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा इस आपसी भरोसे का अनोखा उदाहरण है। अब इस रिश्ते को आधुनिक कनेक्टिविटी की नई ताकत देने के लिए अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक सीधी रेल सेवा की शुरुआत हो गई है।
सोमवार, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने संयुक्त रूप से सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्या में मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और मिथिला के बीच त्रेतायुग से जुड़ा संबंध आज आधुनिक रेल कनेक्टिविटी के माध्यम से एक नए अध्याय में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि इस रेल सेवा से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, जबकि भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम में माता जानकी का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के बीच सदियों से चले आ रहे रोटी-बेटी के रिश्तों का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, यह पहल केवल दो धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली ट्रेन नहीं, बल्कि दोनों देशों की भावनाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाला माध्यम है।
करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम तक लगभग 19 घंटे में पहुंचेगी। साप्ताहिक सेवा के रूप में इसकी नियमित शुरुआत 28 नवंबर से प्रस्तावित है।
यह रेल सेवा प्रधानमंत्री मोदी की पड़ोसी प्रथम नीति और विरासत के साथ विकास की सोच को भी आगे बढ़ाती है। खुली सीमा से बने विश्वास को अब रेल संपर्क की मजबूती मिल रही है। भारत और नेपाल के रिश्तों में यह पहल पर्यटन, व्यापार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और क्षेत्रीय समृद्धि के नए रास्ते खोल सकती है।