लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा गठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट पर निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर आमने-सामने आ गए हैं। दोनों नेता इस सीट पर अपने-अपने उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारना चाहते हैं। ऐसे में गठबंधन के भीतर ही सियासी घमासान तेज होने के आसार हैं।
इस सीट को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। वह अपने बेटे अरुण राजभर को अतरौलिया से चुनाव लड़ाने की तैयारी में जुटे नजर आ रहे हैं। अरुण राजभर के पक्ष में प्रचार भी शुरू कराया जा रहा है। दूसरी तरफ संजय निषाद ने इस दावेदारी पर खुलकर नाराजगी जाहिर की है।
संजय निषाद ने साफ कहा है कि अगर अतरौलिया से अरुण राजभर चुनाव लड़ते हैं तो उनकी हार हो जाएगी। उनका तर्क है कि इस विधानसभा क्षेत्र में निषाद मतदाताओं की संख्या अधिक है और इस लिहाज से निषाद पार्टी का दावा मजबूत है।
हालांकि, इस सीट को लेकर निषाद पार्टी का पिछला चुनावी प्रदर्शन भी चर्चा में है। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां निषाद पार्टी का उम्मीदवार मैदान में उतरा था, लेकिन उसे करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद पार्टी एक बार फिर इस सीट पर अपना दावा पेश कर रही है।
अतरौलिया सीट पर दोनों सहयोगी दलों की दावेदारी भाजपा के लिए भी चुनौती बन सकती है। एक तरफ राजभर अपने बेटे की राजनीतिक जमीन मजबूत करना चाहते हैं तो दूसरी तरफ संजय निषाद अपनी पार्टी की हिस्सेदारी को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रहे। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन अतरौलिया की यह लड़ाई आने वाले दिनों में भाजपा गठबंधन के भीतर बड़े सियासी टकराव की वजह बन सकती है।