Mathura News : उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक शादी समारोह इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। यहां एक जीजा ने अपने दो सालों को ऐसा अनोखा तोहफा दिया कि देखने वाले भी हैरान रह गए। जीजा ने दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नोटों से बनी एक-एक करोड़ रुपये की विशाल माला पहनाई। यानी दोनों मालाओं की कुल कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मामला मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र के नगला फोंदा गांव का है। यहां रहने वाले योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शादी की रस्में चल रही थीं। शनिवार शाम दोनों दूल्हों की घुड़चढ़ी की तैयारी थी। इसी दौरान उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर ने उन्हें यह खास तोहफा देकर समारोह को यादगार बना दिया।
इस अनोखे तोहफे की सबसे खास बात इसकी लंबाई और कीमत थी। दोनों दूल्हों को पहनाई गई मालाएं करीब 100-100 फीट लंबी बताई जा रही हैं। इन्हें 500 रुपये के नोटों से तैयार किया गया था। मालाएं इतनी भारी और विशाल थीं कि इन्हें संभालने के लिए कई लोगों को एक साथ लगना पड़ा।
मालाओं को पहनाने के लिए दोनों दूल्हों को छत पर खड़ा किया गया। इसके बाद कई लोगों की मदद से उनके गले में नोटों की विशाल मालाएं डाली गईं। इस दौरान वहां मौजूद रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।
बताया जा रहा है कि योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर राजस्थान के कामां क्षेत्र के गांव नंदोला के निवासी हैं और सरपंच हैं। दोनों दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे बताए जा रहे हैं। उनके परिवार का मार्बल और स्टोन शोरूम का कारोबार भी है।
दोनों दूल्हों को करोड़ों रुपये की नोटों की माला पहनाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग जीजा के इस अनोखे अंदाज को देखकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। मथुरा की यह शादी अब अपने अनोखे और महंगे तोहफे की वजह से चर्चा का विषय बन गई है।