West Bengal Name Change : पश्चिम बंगाल की राजनीति और इतिहास में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने राज्य का नाम बदलकर पश्चिम बंग करने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को राज्य कैबिनेट की बैठक में नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी 9 दिसंबर को विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया जाएगा। हालांकि, अभी इसे केंद्र सरकार और संसद की मंजूरी मिलना बाकी है।
पश्चिम बंगाल के नाम का इतिहास भारत के विभाजन से जुड़ा हुआ है। दरअसल, 1905 में ब्रिटिश शासन के दौरान बंगाल का पहला विभाजन किया गया था। हालांकि, विरोध के बाद 1911 में इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद 1947 में देश के विभाजन के समय बंगाल को दो हिस्सों में बांट दिया गया। इसका पश्चिमी हिस्सा भारत में रहा, जिसे पश्चिम बंगाल नाम दिया गया, जबकि पूर्वी हिस्सा पाकिस्तान का हिस्सा बना और बाद में 1971 में बांग्लादेश बन गया।
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कोशिश नई नहीं है। वर्ष 1999 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ज्योति बसु की सरकार ने इसका नाम 'पश्चिम बंग' करने का प्रस्ताव रखा था। 2011 में ममता बनर्जी सरकार ने भी इस दिशा में पहल की, लेकिन केंद्र से मंजूरी नहीं मिली।
इसके बाद 2016 में बंगाली में 'बांग्ला', अंग्रेजी में 'बंगाल' और हिंदी में 'बंगाल' नाम रखने का प्रस्ताव आया। 2018 में तीनों भाषाओं में 'बांग्ला' नाम रखने का प्रस्ताव विधानसभा से पारित हुआ, लेकिन केंद्र ने इसे मंजूरी नहीं दी। शुभेंदु सरकार का तर्क है कि राज्य की ऐतिहासिक पहचान को बरकरार रखते हुए सभी भाषाओं में एक ही नाम 'पश्चिम बंग' रखा जाए। इससे अंग्रेजी वर्णमाला में डब्लू की जगह पी से राज्य का नाम शुरू होगा।
विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे केंद्र के पास भेजा जाएगा। संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत राज्य का नाम बदलने के लिए संसद की मंजूरी और संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। ऐसे में 9 दिसंबर की विधानसभा कार्यवाही पर पूरे देश की नजर रहेगी।