सलामत रहे दोस्ताना हमारा...डीएम और एसपी की जुगलबंदी ने लूटी महफिल, झूम उठे लोग

Global Bharat 22 Nov 2026 04:05 PM 1 Mins
सलामत रहे दोस्ताना हमारा...डीएम और एसपी की जुगलबंदी ने लूटी महफिल, झूम उठे लोग

अमरोहा : प्रशासनिक जिम्मेदारियों और कानून-व्यवस्था की व्यस्तताओं के बीच अधिकारियों का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। अमरोहा के गजरौला क्षेत्र स्थित तिगरी गांव में आयोजित पारंपरिक तिगरी गंगा मेले में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की दोस्ताना जुगलबंदी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। दोनों अधिकारियों ने मंच पर ऐसा समां बांधा कि वहां मौजूद लोग भी झूम उठे। डीएम और एसपी की इस खास प्रस्तुति का वीडियो अब चर्चा का विषय बन गया है।

दरअसल, तिगरी गंगा मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गीत-संगीत की महफिल सजी थी। इसी बीच गायक ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से भी गीत सुनाने की फरमाइश कर दी। फिर क्या था, दोनों अधिकारियों ने भी बिना झिझक माइक संभाल लिया। जिलाधिकारी IAS डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक IPS लखन सिंह यादव ने मशहूर गीत 'सलामत रहे दोस्ताना हमारा...गाकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।

दोनों अधिकारियों की जुगलबंदी देखकर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। मंच पर डीएम और एसपी का यह अंदाज चर्चा का केंद्र बन गया। आमतौर पर सरकारी बैठकों, निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक साथ नजर आने वाले दोनों अधिकारियों की यह दोस्ताना तस्वीर लोगों को खूब पसंद आई।

खास बात यह रही कि दोनों अधिकारियों ने अपनी प्रशासनिक भूमिका से इतर संगीत के जरिए आपसी तालमेल और सौहार्द का संदेश भी दिया। तिगरी गंगा मेला केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक मेल-मिलाप का भी बड़ा आयोजन है। ऐसे में डीएम और एसपी की इस जुगलबंदी ने मेले की यादों में एक खुशनुमा पल जोड़ दिया।

सलामत रहे दोस्ताना हमारा' गीत के बोलों के साथ अधिकारियों की यह प्रस्तुति अब लोगों के बीच चर्चा बटोर रही है। महफिल में मौजूद लोगों के लिए यह किसी सरप्राइज से कम नहीं था।

DM SP Song Salamat Rahe Dosti Hamari Tigri Ganga Mela Amroha News Nitin Gaur Lakhan Singh Yadav

Description of the author

Recent News