नई दिल्ली : पंजाब की सियासत में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा और अकाली दल के गठबंधन का ऐलान करते हुए कहा कि अकाली दल के एनडीए में शामिल होने से गठबंधन अब और मजबूत हुआ है। दोनों दल आगामी 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।
गठबंधन की घोषणा के दौरान अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता काफी पुराना और गहरा रहा है। यह गठबंधन केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि हिंदू-सिख भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के घोषणापत्र में पंजाब के विकास, सुरक्षा और जनता से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया जाएगा।
अमित शाह ने पंजाब को नशे और भ्रष्टाचार से मुक्त करने का बड़ा संकल्प भी दोहराया। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। शाह के मुताबिक, पंजाब से नशे के कारोबार और भ्रष्टाचार को समाप्त करना गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
इस गठबंधन को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के बीच कई दौर की बातचीत हुई। करीब तीन महीने तक चले मंथन के बाद दोनों दलों ने पंजाब के लिए साझा रोडमैप तैयार किया और गठबंधन का ऐलान किया।
गौरतलब है कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के विरोध के दौरान टूट गया था। दोनों दलों का करीब 24 साल पुराना चुनावी गठबंधन समाप्त हो गया था। इसके बाद 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। अब छह साल बाद दोनों की वापसी से पंजाब की चुनावी लड़ाई दिलचस्प होने की उम्मीद है।
2027 के विधानसभा चुनाव में यह गठबंधन सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती पेश करने की तैयारी में है।