यूपी में कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर! अखिलेश ने खोला पत्ता, 2027 के लिए तैयार किया सपा-कांग्रेस गठबंधन का फॉर्मूला

Global Bharat 24 Nov 2026 11:52 AM 1 Mins
यूपी में कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर! अखिलेश ने खोला पत्ता, 2027 के लिए तैयार किया सपा-कांग्रेस गठबंधन का फॉर्मूला

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की सियासी तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है। विपक्षी गठबंधन में सीटों को लेकर चल रही बातचीत के बीच सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को यूपी की 26 विधानसभा सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव में कांग्रेस की उन सीटों को भी शामिल किया गया है, जहां पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी या दूसरे स्थान पर रही थी।

सूत्रों के मुताबिक, सपा के प्रस्ताव में कांग्रेस की 2022 में जीती हुई दो सीटें रामपुर खास और फरेंदा शामिल हैं। इसके अलावा चार ऐसी सीटें भी प्रस्तावित की गई हैं, जहां पिछले चुनाव में कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी। इनमें मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर शामिल हैं।

इन छह सीटों के अलावा सपा ने कांग्रेस के लिए 20 अन्य सीटों का भी प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें पश्चिमी यूपी की बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर और इगलास सीट शामिल हैं। वहीं, मांट, आगरा उत्तर और फतेहपुर सीकरी भी इस सूची में हैं। इसके अलावा बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट सीट भी कांग्रेस को देने के प्रस्ताव में शामिल बताई जा रही हैं।

26 सीटों का यह प्रस्ताव दोनों दलों के बीच चुनावी तालमेल की दिशा में अहम माना जा रहा है। हालांकि, प्रस्तावित सीटों पर अंतिम सहमति बनना अभी बाकी है। कांग्रेस इन सीटों को स्वीकार करती है या अपनी राजनीतिक ताकत और जीत की संभावनाओं के आधार पर कुछ और सीटों की मांग रखती है, यह बातचीत के अगले दौर में साफ होगा। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 2027 में सपा और कांग्रेस सीटों का यह फॉर्मूला स्वीकार कर चुनावी मैदान में उतरेंगे या सीटों की संख्या और चयन को लेकर गठबंधन में नया पेंच फंसेगा?

Samajwadi Party Congress UP Election 2027 SP Congress Seat Sharing Akhilesh Yadav

Description of the author

Recent News