Up News : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार महिलाओं के लिए बड़ी आर्थिक सहायता योजना लाने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश के करीब 3.64 करोड़ बीपीएल परिवारों की एक-एक महिला को 20-20 हजार रुपये देने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इस योजना के जरिए सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही महिला मतदाताओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
सूत्रों से सामने आई जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित योजना के तहत प्रत्येक पात्र बीपीएल परिवार की एक महिला को दो किस्तों में कुल 20 हजार रुपये दिए जा सकते हैं। पहली किस्त में 10 हजार और दूसरी किस्त में 10 हजार रुपये देने का प्रस्ताव है। सरकार दिसंबर 2026 में पहली किस्त जारी करने की तैयारी कर रही है। हालांकि, इसके लिए अंतिम मंजूरी और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
रिपोर्टों के मुताबिक, संभावित लाभार्थी महिलाओं के जनधन बैंक खातों का सत्यापन कराया जा रहा है। इस प्रक्रिया का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा होने की जानकारी सामने आई है। योजना लागू होने की स्थिति में महिलाओं के बैंक खातों में सीधे डीबीटी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से धनराशि भेजी जा सकती है। हालांकि, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभार्थियों के चयन की अंतिम शर्तें अभी स्पष्ट नहीं हैं।
सूत्रों के अनुसार, सरकार के सामने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के कई मॉडल रखे गए थे। इनमें महिलाओं को छोटा कारोबार शुरू करने, स्वरोजगार अपनाने और स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आमदनी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने का विकल्प शामिल है। प्रस्तावित सहायता का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना बताया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में करीब 6.09 करोड़ महिला मतदाता हैं। ऐसे में महिला वोट बैंक आगामी विधानसभा चुनाव में बेहद अहम भूमिका निभा सकता है। भाजपा सरकार की इस संभावित योजना को इसी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना, महाराष्ट्र की माझी लाडकी बहिण योजना और बिहार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना जैसे उदाहरणों के बाद यूपी में भी महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देने का मॉडल चर्चा में है।
इस योजना को लेकर सबसे अहम बात यह है कि अभी तक उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 20 हजार रुपये देने की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक, आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में इसके लिए बजट प्रावधान किए जाने पर भी विचार हो सकता है। ऐसे में अब सबकी निगाहें सरकार के अगले फैसले पर टिकी हैं।