मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ में आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर में युवती को बंधक बनाकर उसके साथ कथित दुष्कर्म और मारपीट करने के आरोपी सलमान को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में सलमान पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ाता नजर आ रहा है। वह कहता सुनाई दे रहा है, सर, गलती हो गई, माफ कर दो... अब नहीं होगी गलती। जिस आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें जुटी थीं, वह बुधवार को पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
मामले ने उस समय तूल पकड़ा था, जब होटल से जान बचाकर भागने की कोशिश कर रही युवती को सलमान ने आबूलेन बाजार में दौड़ाकर पकड़ लिया था। आरोप है कि उसने युवती को सड़क पर गिराकर पीटा और बाल पकड़कर जबरन वापस होटल ले जाने की कोशिश की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठे थे।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सलमान लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नरहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। इसके बाद लोहिया नगर और सदर बाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। भागने की कोशिश में वह निर्माणाधीन पुल से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
इस मामले में शुरुआत में एफआईआर में मारपीट, गलत तरीके से बंधक बनाने और आपराधिक धमकी की तीन धाराएं दर्ज की गई थीं। बाद में पीड़िता की शिकायत और विवेचना के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। पुलिस ने होटल स्क्वायर को सील कर दिया है। होटल मैनेजर कृष्णा और संचालक गोविंद चौरसिया की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मामले में एफआईआर में दुष्कर्म की धारा शुरुआत में शामिल नहीं होने को लेकर सवाल उठे थे। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने थाना पुलिस और संबंधित सीओ की भूमिका की जांच एसपी सिटी को सौंपी थी। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। सलमान की गिरफ्तारी का वीडियो चर्चा में है। वीडियो में उसका यह कहना कि अब गलती नहीं होगी, लोगों का ध्यान खींच रहा है। जिस मामले ने मेरठ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे, उसमें अब आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।