प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने अपने चुनावी अभियान को धार देते हुए तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी की इस घोषणा के बाद प्रतापगढ़ की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। खासकर विश्वनाथगंज विधानसभा सीट पर घोषित प्रत्याशी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की ओर से जारी सूची के मुताबिक, 246 कुंडा विधानसभा सीट से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं, 245 बाबागंज विधानसभा सीट से विनोद सरोज को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा 247 विश्वनाथगंज विधानसभा सीट से कुलदीप पटेल को पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
तीनों सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा में सबसे ज्यादा चर्चा विश्वनाथगंज विधानसभा को लेकर हो रही है। इस सीट पर कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाकर राजा भैया की पार्टी ने जातीय समीकरणों को साधने की कोशिश की है। विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र में क्षत्रिय मतदाताओं का प्रभाव माना जाता है। ऐसे में यहां पटेल समाज से आने वाले प्रत्याशी को मैदान में उतारना पार्टी की एक अलग राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों के बीच इस फैसले को पटेल मतदाताओं को साधने और नए सामाजिक समीकरण तैयार करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। इसे जनसत्ता दल का मास्टर स्ट्रोक भी माना जा रहा है।
कुलदीप पटेल का राजनीतिक और पारिवारिक जुड़ाव भी इस घोषणा को खास बना रहा है। वह प्रतापगढ़ की जिला पंचायत अध्यक्ष माधुरी पटेल के पति हैं। ऐसे में उनकी उम्मीदवारी से विश्वनाथगंज विधानसभा में चुनावी मुकाबले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, अभी चुनाव में काफी समय बाकी है, लेकिन जनसत्ता दल की पहली सूची ने साफ संकेत दे दिया है कि पार्टी 2027 के चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां पहले से शुरू कर चुकी है। आने वाले दिनों में अन्य सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा और राजनीतिक दलों की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।